Fri. May 8th, 2026

महिला को डराकर चोरी की कोशिश करने वाला आरोपी 24 घंटे में गिरफ्तार

महिला को डराकर चोरी की कोशिश करने वाला आरोपी 24 घंटे में गिरफ्तार

बड़वानी( नरेन्द्र गुप्ता)/पुलिस अधीक्षक पद्मविलोचन शुक्ल के निर्देशन में महिला सुरक्षा एवं अपराध नियंत्रण को प्राथमिकता देते हुए थाना सेंधवा शहर पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। अकेली महिला को डराकर चोरी की वारदात को अंजाम देने की कोशिश करने वाले आरोपी को घटना के 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर उसके कब्जे से एसिड की बोतल एवं अन्य सामग्री जप्त की गई है।
फरियादी द्वारा थाना सेंधवा शहर पर सूचना दी गई कि सुबह लगभग 8 से 9 बजे के बीच उनकी चाची घर पर अकेली थीं। इसी दौरान एक अज्ञात व्यक्ति चोरी की नियत से घर में घुस गया। आरोपी अपने हाथ में एसिड की बोतल लेकर महिला को डराने-धमकाने लगा तथा वारदात को अंजाम देने का प्रयास किया।
महिला द्वारा साहस का परिचय देते हुए जोर से शोर मचाने पर आरोपी मौके से फरार हो गया तथा बाहर से घर की कुंडी लगाकर भाग निकला। फरियादी की रिपोर्ट पर थाना सेंधवा शहर में अज्ञात आरोपी के विरुद्ध प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना प्रारंभ की गई।
घटना की गंभीरता एवं महिला सुरक्षा को दृष्टिगत रखते हुए थाना प्रभारी सेंधवा शहर निरीक्षक दिनेश सिंह कुशवाह द्वारा पुलिस अधीक्षक पद्मविलोचन शुक्ल के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक धीरज बब्बर एवं एसडीओपी सेंधवा अजय वाघमारे के मार्गदर्शन में विशेष टीम गठित की गई।
पुलिस टीम द्वारा घटनास्थल एवं आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज का बारीकी से विश्लेषण किया गया। साथ ही स्थानीय मुखबिर तंत्र को सक्रिय कर आरोपी की पहचान सुनिश्चित की गई। प्राप्त सटीक सूचना के आधार पर पुलिस ने घेराबंदी कर आरोपी को हिरासत में लिया।
पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम बिशन पिता मांगत्या पाटील उम्र 42 वर्ष निवासी ग्राम जलगोन, थाना राजपुर बताया। आरोपी ने जवाहरगंज क्षेत्र में एसिड की बोतल लेकर घर में घुसने की घटना स्वीकार की है।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से वारदात में प्रयुक्त एसिड की बोतल एवं हाथ के दस्ताने बरामद किए हैं। आरोपी के विरुद्ध उचित धाराओं का समावेश कर उसे न्यायालय में पेश किया जा रहा है। साथ ही आरोपी के पुराने आपराधिक रिकॉर्ड की भी जांच की जा रही है।
इस त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई पर वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा थाना सेंधवा शहर पुलिस टीम की सराहना करते हुए पुरस्कृत करने की घोषणा की गई है।
“महिला सुरक्षा हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि अथवा अपराध की सूचना तत्काल पुलिस को दें, ताकि अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सके।”

Related Post