बड़वानी में निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर का आयोजन, 200 से अधिक मरीजों की जांच

बड़वानी,( नरेन्द्र गुप्ता)।
अंतरराष्ट्रीय मानवाधिकार सुरक्षा संगठन के बैनर तले आज बड़वानी में एक विशाल निःशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन किया गया। इस शिविर में गुजरात के बड़ौदा स्थित पिपरिया धीरज हॉस्पिटल से आए लगभग 20 डॉक्टरों की टीम ने भाग लिया और करीब 210 ओपीडी मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण किया।
शिविर के दौरान सामान्य से लेकर गंभीर बीमारियों तक के मरीजों की जांच की गई। जिन मरीजों की स्थिति गंभीर पाई गई, उन्हें आगे के उपचार के लिए धीरज हॉस्पिटल रेफर किया गया। विशेष बात यह रही कि सभी मरीजों को निःशुल्क दवाइयाँ उपलब्ध कराई गईं और किसी भी प्रकार का ओपीडी शुल्क नहीं लिया गया। रेफर किए गए मरीजों को अस्पताल तक पहुंचाने के लिए धीरज हॉस्पिटल द्वारा निःशुल्क बस सुविधा भी उपलब्ध कराई जाएगी।
धीरज हॉस्पिटल से आए डॉ. अनुज जोशी ने बाइट के माध्यम से डॉक्टरों और मरीजों को दी जाने वाली सुविधाओं के बारे में जानकारी दी।
इस आयोजन में अंतरराष्ट्रीय मानवाधिकार सुरक्षा संगठन, बड़वानी के जिलाध्यक्ष अब्दुल सादिक चंदेरी एवं महिला विंग अध्यक्ष श्रीमती दुर्गा सोनी के नेतृत्व में जिला कार्यकारिणी के सदस्य—अब्दुल रजाक तिगाले, डॉ. अब्दुल रशीद पटेल, पूर्व सीएमओ सादिक शेख, अब्दुल रहीम तिगाले, विजय कुमार जैन (पेंशनर संघ जिलाध्यक्ष), समाजसेवी किरण सोलंकी एवं रूल सिंह चौहान—का विशेष सहयोग रहा।
साथ ही पार्षद सलीम तिगाले एवं अंजड़ से आए समाजसेवी इंदु तिगाले ने भी इस सेवा कार्य की सराहना करते हुए भविष्य में अंजड़ में भी ऐसे शिविर आयोजित करने की इच्छा जताई।
शिविर के आयोजन हेतु इकरा स्कूल भवन निःशुल्क उपलब्ध कराया गया, जिसके संचालक आरिफ शेख ‘इकरा’ ने मरीजों की सेवा में सक्रिय भूमिका निभाई। वहीं, अब्दुल रजाक तिगाले द्वारा चाय-नाश्ते से लेकर भोजन व्यवस्था तक में विशेष सहयोग प्रदान किया गया। टेंट व्यवस्था के लिए भारत टेंट के सगीर अहमद शेख का सहयोग रहा।
कार्यक्रम के समापन पर जिलाध्यक्ष अब्दुल सादिक चंदेरी ने धीरज हॉस्पिटल की डॉक्टर टीम एवं मैनेजमेंट अधिकारी सचिन पाटीदार का आभार व्यक्त करते हुए सभी मरीजों के बेहतर स्वास्थ्य की कामना की और सभी सहयोगियों को धन्यवाद दिया।
