Sun. Apr 26th, 2026

बड़वानी में महिला से मारपीट कर धर्म परिवर्तन का दबाव, आरोपी असलम खान के खिलाफ शिकायत

बड़वानी में महिला से मारपीट कर धर्म परिवर्तन का दबाव, आरोपी असलम खान के खिलाफ शिकायत

बड़वानी( नरेन्द्र गुप्ता)। जिले के कोतवाली थाना क्षेत्र में एक महिला ने गंभीर आरोप लगाते हुए शिकायत दर्ज कराई है कि एक व्यक्ति द्वारा उसे लंबे समय से प्रताड़ित किया जा रहा है और जबरन मुस्लिम धर्म अपनाने का दबाव बनाया जा रहा है। महिला ने अपनी शिकायत में मारपीट, गाली-गलौज और जान से मारने की धमकियों का भी उल्लेख किया है।


प्राप्त जानकारी के अनुसार, शिकायत में आरोपी का नाम असलम खान पिता शमशेर खान निवासी वार्ड क्रमांक 14, ग्राम सिलावद, तहसील बड़वानी, जिला बड़वानी बताया गया है। महिला ने बताया कि वह अस्पताल में कार्यरत है और वर्ष 2016 से आरोपी के साथ रह रही थी, जिससे एक पुत्र का जन्म हुआ। वर्ष 2024 के बाद आपसी विवाद के चलते दोनों ने सहमति से अलग रहने का निर्णय लिया था।
महिला का आरोप है कि अलग होने के बाद भी आरोपी लगातार उसके घर और कार्यस्थल पर पहुंचकर उसे परेशान करता रहा। 19 अप्रैल 2026 को आरोपी उसके बड़वानी स्थित निवास पर पहुंचा, जहां गाली-गलौज करते हुए मारपीट की और जान से मारने की धमकी देते हुए धर्म परिवर्तन का दबाव बनाया।


इसी क्रम में 24 अप्रैल 2026 को रात करीब 8 से 9 बजे के बीच आरोपी अस्पताल पहुंचा और वहां भी विवाद करते हुए महिला को मुस्लिम धर्म अपनाने के लिए धमकियां दीं। इस दौरान महिला ने अपने परिचितों—राहुल सोनी पिता जगदीश सोनी निवासी सावंतपुरम कॉलोनी, देवांशु सोनी पिता अंतिम सोनी निवासी सावंतपुरम कॉलोनी तथा राहुल पिता दिनेश भालसे निवासी आनंद नगर—को मौके पर बुलाया। आरोप है कि आरोपी ने उनके साथ भी मारपीट की और जान से मारने की धमकी दी।
महिला ने शिकायत में यह भी बताया कि आरोपी शुरू से ही उसके साथ मारपीट कर मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित करता रहा है और योजनाबद्ध तरीके से संबंध बनाकर धर्म परिवर्तन का दबाव बनाता रहा। लगातार मिल रही धमकियों के कारण महिला ने अपनी तथा अपने पुत्र की सुरक्षा को लेकर गंभीर चिंता जताई है।
मामले में थाना प्रभारी बलजीत सिंह बिसेन ने बताया कि आवेदन प्राप्त हुआ है और मामले की जांच कर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
इस मामले में हिंदू संगठन से जुड़ी उषा वाशनिया ने कहा कि इस तरह की घटनाएं बेहद चिंताजनक हैं। महिलाओं को सतर्क रहना चाहिए और किसी भी प्रकार के दबाव या प्रलोभन में आकर अपने अधिकारों से समझौता नहीं करना चाहिए। उन्होंने प्रशासन से ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई की मांग की है।
वहीं पवन नामक युवक भी महिला के साथ थाने पहुंचा और शिकायत दर्ज कराने में सहयोग किया। उसने प्रशासन से मांग की कि पीड़िता को सुरक्षा प्रदान करते हुए आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए।

Related Post