
पत्रकारों के सम्मान पर आई आंच तो बिखर गया संगठन , खरगोन कार्यक्रम की अव्यवस्थाओं के बाद प्रदेश अध्यक्ष ने भंग की कार्यकारिणी, सामूहिक इस्तीफे की लगी झड़ी
- भारतीय पत्रकार संघ AIJ के राष्ट्रीय अध्यक्ष के ‘अमर्यादित’ व्यवहार से आहत हुए पदाधिकारी , फेसबुक-व्हाट्सएप पर सार्वजनिक किए त्यागपत्र
खरगोन | भारतीय पत्रकार संघ (AIJ) में उस समय बड़ा संगठनात्मक संकट खड़ा हो गया, जब खरगोन में आयोजित राष्ट्रीय कल्याण महोत्सव के बाद प्रदेश अध्यक्ष धर्मेंद्र अग्निहोत्री सहित सैकड़ों पदाधिकारियों ने एक साथ अपने पदों से इस्तीफा दे दिया। “सच कहने का साहस और सलीका” का नारा देने वाले संगठन के भीतर मचे इस बवाल ने प्रदेश से लेकर राष्ट्रीय नेतृत्व तक की नींव हिला दी है।
सम्मान की अनदेखी बनी बगावत की वजह
विवाद की जड़ 1 फरवरी को खरगोन में आयोजित कार्यक्रम बना। आरोप है कि कार्यक्रम की सफलता के लिए दिन-रात एक करने वाले स्थानीय पत्रकारों और प्रदेश के पदाधिकारियों को मंच पर न तो उचित स्थान दिया गया और न ही सम्मान। यूथ विंग के राष्ट्रीय महासचिव रणजीत सिंह ठाकुर ने दोटूक कहा कि राष्ट्रीय नेतृत्व का व्यवहार अमर्यादित था और मंच से बार-बार अव्यवस्थाएं फैलाई जा रही थीं, जिससे जमीनी कार्यकर्ताओं का मनोबल टूटा। इसी नाराजगी के चलते उन्होंने भी अपने राष्ट्रीय पद से त्यागपत्र दे दिया है।
प्रदेश अध्यक्ष ने भंग की कार्यकारिणी, सोशल मीडिया पर उबाल
नाराजगी इतनी गहरी थी कि प्रदेश अध्यक्ष धर्मेंद्र अग्निहोत्री ने न केवल खुद इस्तीफा दिया, बल्कि अपनी बनाई नवीन प्रदेश कार्यकारिणी को भी तत्काल प्रभाव से भंग कर दिया। इसके बाद इस्तीफों की ‘सुनामी’ आ गई। राष्ट्रीय उपाध्यक्ष राजेंद्र अग्रवाल, प्रदेश संरक्षक दिलीप सिंह चौहान , प्रदेश सचिव उमेश रेवलिया और संभागीय महासचिव राजेश पंवार सहित कई वरिष्ठ पदाधिकारियों ने सोशल मीडिया पर अपने त्यागपत्र सार्वजनिक कर दिए। अकेले खरगोन जिले की बात करे तो यहां 100 से अधिक पत्रकारों ने संगठन छोड़ दिया है।
भारतीय पत्रकार संघ से दिए प्रमुख इस्तीफे: एक नजर में
संगठन छोड़ने वाले प्रमुख चेहरों में राष्ट्रीय और प्रदेश स्तर के दिग्गज शामिल हैं
धर्मेंद्र अग्निहोत्री – प्रदेश अध्यक्ष (म.प्र.)
रणजीत सिंह ठाकुर – राष्ट्रीय महासचिव (यूथ विंग)
उमेश रेवलिया – प्रदेश सचिव
राजेंद्र अग्रवाल – राष्ट्रीय उपाध्यक्ष
राजेश पंवार – संभागीय महासचिव
दिलीप सिंह चौहान – प्रदेश संरक्षक
राकेश सिंह चौहान – प्रदेश महासचिव
महेश पाटीदार – प्रदेश मीडिया प्रभारी
कमल सिंह सोलंकी – प्रदेश उपाध्यक्ष
चयन राठौर – प्रदेश सचिव
मनीष शर्मा – इंदौर संभाग अध्यक्ष
सुरेश तिवारी – धार जिला अध्यक्ष
वरुण चौबे – विदिशा जिला अध्यक्ष
सनोज कुमार बेस – सिंगरौली जिला अध्यक्ष
विनय पाटीदार इंदौर संभाग उपाध्यक्ष
प्रदीप द्विवेदी – संभाग संरक्षक
विजय नीमा – उज्जैन जिला अध्यक्ष
राहुल यादव – शहर अध्यक्ष पितमपुर
सुनील गाड़गे – महेश्वर तहसील अध्यक्ष
आनंन -फानन में नई नियुक्ति, पर संकट बरकरार
संगठन में मचे इस घमासान के बीच राष्ट्रीय महासचिव मनोहर मंडलोई ने डैमेज कंट्रोल की कोशिश करते हुए राकेश साहू को नया प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किया है हालांकि, जिस तरह से पुराने और निष्ठावान पदाधिकारियों ने सामूहिक दूरी बनाई है, उससे संगठन के भविष्य पर सवालिया निशान लग गए हैं। चर्चा है कि यह किसी भी पत्रकार संगठन में अब तक का सबसे बड़ा सामूहिक इस्तीफा है।

