राष्ट्रीय एकता दिवस पर बड़वानी में “रन फॉर यूनिटी” का भव्य आयोजन

बड़वानी (नरेन्द्र गुप्ता)/ देश के लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती एवं राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर जिले में “रन फॉर यूनिटी” मैराथन दौड़ का भव्य आयोजन किया गया। यह आयोजन जिला प्रशासन, पुलिस प्रशासन एवं नगरवासियों की सक्रिय भागीदारी के साथ कारंजा चौराहे बड़वानी से प्रारंभ हुआ।
कार्यक्रम की शुरुआत में राज्यसभा सांसद डॉ. सुमेर सिंह सोलंकी ने उपस्थित जनसमूह को राष्ट्रीय एकता, अखंडता और भाईचारे की शपथ दिलाई। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि सरदार वल्लभभाई पटेल ने भारत के विविध राज्यों को एक सूत्र में पिरोकर देश की एकता को मजबूत किया था। आज का दिन हमें उनके योगदान को स्मरण कर देश की एकता और अखंडता के प्रति समर्पित रहने की प्रेरणा देता है।
शपथ ग्रहण के पश्चात राज्यसभा सांसद डॉ. सुमेर सिंह सोलंकी एवं पुलिस अधीक्षक श्री जगदीश डावर ने “रन फॉर यूनिटी” मैराथन दौड़ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह दौड़ कारंजा चौराहे से प्रारंभ होकर अंजड नाका मार्ग से होते हुई सेगांव स्थित सरदार वल्लभभाई पटेल की प्रतिमा स्थल पर जाकर दौड़ का समापन हुआ ।

रन फॉर यूनिटी में जिला प्रशासन, पुलिस प्रशासन, जनप्रतिनिधि, शिक्षण संस्थानों के विद्यार्थीगण, सामाजिक संगठनों के सदस्य तथा बड़ी संख्या में नगरवासी शामिल हुए। दौड़ के दौरान प्रतिभागियों में उत्साह और देशभक्ति का जोश देखते ही बन रहा था।
इस अवसर पर अपर कलेक्टर के.के. मालवीय, एसडीएम बड़वानी भूपेंद्र रावत, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक धीरज बब्बर, एसडीओपी बड़वानी दिनेश सिंह चौहान, थाना प्रभारी बड़वानी दिनेश कुशवाह, सांसद प्रतिनिधि रविन्द्र कुलकर्णी, सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारीगण, कर्मचारी उपस्थित थे। सभी अधिकारियों एवं नागरिकों ने एक स्वर में देश की एकता, अखंडता और सांप्रदायिक सौहार्द बनाए रखने का संकल्प लिया। कार्यक्रम के समापन पर सरदार पटेल की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की गई। प्रतिभागियों ने कहा कि इस प्रकार के आयोजन युवाओं में राष्ट्रीय चेतना और एकता का भाव जगाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
