जागृत हिन्दू मंच द्वारा विशाल महिला सशक्तिकरण एवं जागरूकता सम्मेलन सम्पन्न
मुख्य वक्ता काजल हिंदुस्थानी ने लव जिहाद के खतरे पर चेताया, मध्यप्रदेश सहित अन्य घटनाओ का उल्लेख करते हुए सावधान रहने का आव्हान किया

बड़वानी (नरेन्द्र गुप्ता):- जागृत हिन्दू मंच बड़वानी के तत्वावधान में नगर के साखी रिसोर्ट राजघाट रोड पर गुरुवार को विशाल महिला सशक्तिकरण एवं जागरूकता सम्मेलन का भव्य आयोजन किया गया। इस अवसर पर मुख्य वक्ता के रूप में गुजरात के जामनगर से पधारी प्रखर राष्ट्रवादी वक्ता सुश्री काजल हिंदुस्थानी ने समाज के समक्ष उपस्थित चुनौतियों पर विस्तार से प्रकाश डाला।

सम्मेलन का शुभारंभ विधिवत दीप प्रज्वलन एवं राष्ट्रगान के साथ हुआ। मंचासीन अतिथियों सर्वश्री काजल हिन्दुस्थानी, संत भारती जी ठाकुर, संत श्री राघवेंद्र जी महाराज, सांसद गजेंदरसिंह पटेल, सांसद सुमेरसिंह सोलंकी, पूर्व मंत्री प्रेमसिंह पटेल, जिला पंचायत अध्यक्ष बलवंतसिंह पटेल, नगरपालिका अध्यक्ष अश्विनी निक्कू चौहान एवं राधेश्याम पाटीदार की उपस्थिति में स्थानीय गणमान्य नागरिक, समाजसेवी एवं संगठन पदाधिकारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महिलाओं, युवतियों एवं नगर के प्रबुद्ध वर्ग की भागीदारी रही, जिससे सभागार पूर्णतः खचाखच भरा हुआ नजर आया।
अपने संबोधन में सुश्री काजल हिंदुस्थानी ने कहा कि आज समाज के सामने लव जिहाद एक गंभीर समस्या के रूप में खड़ा है। यह केवल व्यक्तिगत संबंधों का विषय नहीं है बल्कि हमारी संस्कृति और सामाजिक ताने-बाने को कमजोर करने की एक सुनियोजित साजिश है।व्उन्होंने मध्यप्रदेश में घटित लव जिहाद की घटनाओं का उल्लेख करते हुए विस्तार से बताया कि किस प्रकार भोली-भाली युवतियों को धोखे में लेकर उनके जीवन और परिवार को बर्बाद किया जा रहा है। उन्होंने उदाहरण स्वरूप हाल में सामने आए प्रकरणों का उल्लेख करते हुए कहा कि ऐसे मामलों को समाज को गंभीरता से लेना चाहिए और हर स्तर पर इनसे निपटने के प्रयास करने होंगे।

काजल हिंदुस्थानी ने उपस्थित युवतियों से कहा कि वे शिक्षा को अपना सबसे बड़ा हथियार बनाएं। आत्मनिर्भर बनें और समाज की रीढ़ की हड्डी के रूप में अपनी भूमिका निभाएं। उन्होंने माताओं से आह्वान किया कि वे अपनी बेटियों को संस्कारित, जागरूक और आत्मविश्वासी बनाएं ताकि कोई भी छलावा उन्हें प्रभावित न कर सके।
उन्होंने कहा कि यदि परिवार और समाज जागरूक हो जाए तो लव जिहाद जैसी समस्या जड़ से समाप्त हो सकती है। इसके लिए सामूहिक प्रयास और एकजुटता आवश्यक है। उन्होंने युवाओं से भी अपील की कि वे समाज की अस्मिता की रक्षा में अग्रणी भूमिका निभाएं।
कार्यक्रम का संचालन जागृत हिन्दू मंच के पदाधिकारियों कृष्णा गोले, बालकृष्ण सोनगरा, राजेश राठौड़, आशीष मेहरा, दीपक जेमन, संदीप सोनाने, मोहित कुशवाह, शंकर कुशवाह, आशा कुमरावत, माधुरी कुशवाह, श्वेता भावसार, सुनीता मेहता, नेहा शर्मा, प्रिया सोनी एवं स्मिता अत्रे के द्वारा किया गया।
महिलाओं एवं युवतियों के लिए प्रेरक प्रसंग और उदाहरण प्रस्तुत किए गए।
संगठन के पदाधिकारियों कृष्णा ने अतिथियों का पुष्पमाला, अंगवस्त्र और स्मृति चिन्ह भेंट कर भव्य स्वागत किया।
अंत में संगठन की ओर से यह संकल्प लिया गया कि समाज में महिला सुरक्षा, सम्मान और सशक्तिकरण को लेकर जागरूकता अभियान सतत जारी रहेगा।
भारी जनसमूह की उपस्थिति
सम्मेलन में बड़वानी नगर ही नहीं, बल्कि आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से भी बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए। उपस्थित महिलाओं ने काजल हिंदुस्थानी के वक्तव्य को अत्यंत प्रभावशाली और मार्गदर्शक बताया।
