
सांसद गजेंद्रसिंह पटेल ने बहुप्रतीक्षित रेहगुन-लोनसरा से गवलाबेड़ी मार्ग का किया भूमिपूजन
बड़वानी( नरेन्द्र गुप्ता): बड़वानी विधानसभा क्षेत्र के ग्राम रेहगुन-लोनसरा से गवलाबेड़ी व्हाया रेहगुन-रामपुरा मार्ग के निर्माण कार्य का भूमिपूजन आज लोकसभा सांसद श्री गजेंद्रसिंह पटेल के करकमलों से संपन्न हुआ। यह सड़क लंबे समय से क्षेत्र की जनता की एक बड़ी आवश्यकता थी, जिसके पूरा होने से ग्रामीणों को आवागमन में महत्वपूर्ण सुविधा मिलेगी और विकास की रफ्तार को नया आयाम मिलेगा।

इस अवसर पर सांसद पटेल ने कहा कि यह बहुप्रतीक्षित मार्ग ग्रामीणों के लिए सुगम परिवहन का साधन बनेगा, और व्यापार, शिक्षा, स्वास्थ्य और कृषि क्षेत्र में भी व्यापक परिवर्तन लाएगा। उन्होंने कहा कि भाजपा की डबल इंजन सरकार, माननीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव जी के नेतृत्व में विकास का कार्य गांव-गांव तक पहुंचाने के लिए संकल्पित है।

सांसद ने यह भी कहा कि सड़क निर्माण से ग्रामीणों के दैनिक जीवन में आमूलचूल परिवर्तन होगा। यह मार्ग किसानों की फसल को बाजार तक पहुंचाने में मदद करेगा, और बच्चों की शिक्षा, स्वास्थ्य सेवाओं तक त्वरित पहुंच और इससे व्यापारिक गतिविधियों को भी गति प्रदान मिलेगी।
ग्रामीण सरदार बघेल ने बताया कि लंबे समय से लोनसरा, गवलाबेड़ी और रेहगुन मार्ग की मांग की जा रही थी। बरसात में सड़क पर पानी भरने और दलदल बनने से न किसानों की बैलगाड़ी निकल पाती थी, न बच्चों की बाइक स्कूल तक पहुंच पाती थी। बच्चों को 3 किमी पैदल चलकर स्कूल जाना पड़ता था, वहीं किसानों को कपास मंडी के लिए 15 किमी घूमकर जाना पड़ता था। इसी मार्ग पर हाई स्कूल, आदिवासी छात्रावास और उप स्वास्थ्य केंद्र भी स्थित हैं। सरदार बघेल ने कहा कि सांसद गजेंद्र सिंह पटेल के अथक प्रयासों से 6 करोड़ की लागत से इस सड़क का भूमिपूजन हुआ है, जो आजादी के बाद पहली बार बन रही है। इसके लिए ग्रामीणों ने सांसद का आभार व्यक्त किया।

इस अवसर पर पूर्व कैबिनेट मंत्री प्रेमसिंह पटेल, जिला पंचायत अध्यक्ष बलवंत पटेल, बड़वानी ग्रामीण मंडल अध्यक्ष भूपेंद्र जाट, वरिष्ठ नेता रणछोड़ बा कोटवाल, राजेश वास्कले, दिनेश लछेटा, काली जैन, महेश गहलोद, रणछोड़ सोलंकी, जगदीश धनगर, ओम यादव, योगेश परमार, ग्राम पंचायत सरपंच प्रतिनिधि सुनील सहित अन्य जनप्रतिनिधि, भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।
