विश्व आदिवासी दिवस साप्ताहिक कार्यक्रम नागदा में बड़ी धूमधाम से मनाया गया

नागदा में आदिवासी परिवार व जय आदिवासी युवा शक्ति (जयस) द्वारा प्रतिवर्ष अनुसार इस वर्ष भी 3 अगस्त को विश्व आदिवासी दिवस साप्ताहिक कार्यक्रम बड़ी धूमधाम एवं उत्साह के साथ मनाया गया। कार्यक्रम की शुरुआत महावीर कॉलोनी से भव्य चल समारोह के साथ हुई, जो नगर के प्रमुख मार्गों से होते हुए पंचायत भवन के पास स्थित क्रांतिवीर टंट्या भील की प्रतिमा तक पहुंचा। वहाँ अतिथियों द्वारा प्रतिमा पर माल्यार्पण किया गया। पंचायत समिति द्वारा अतिथियों का पारंपरिक साफा पहनाकर स्वागत किया गया।
चल समारोह मंडी प्रांगण तक पहुंचा, जहां विशाल आमसभा का आयोजन हुआ। सभा में राजस्थान, गुजरात, देवास, झाबुआ, रतलाम, बदनावर सहित अन्य क्षेत्रों से पधारे अतिथियों का स्वागत टंट्या भील की तस्वीर व पौधा भेंटकर किया गया। वक्ताओं ने आदिवासी संस्कृति, भील प्रदेश की मांग, संविधान की पांचवीं व छठी अनुसूची, शिक्षा, स्वास्थ्य और प्रकृति संरक्षण जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विचार व्यक्त किए। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में युवा, महिला एवं बुजुर्ग शामिल हुए। सफल कार्यक्रम का आभार धर्मेंद्र बघेल द्वारा किया गया।


