Mon. Mar 9th, 2026

करंट लगने से हुई आउटसोर्स कर्मचारी की मृत्यु के मामले में धरना प्रदर्शन कर ज्ञापन सौंपा

आउटसोर्स हेल्पर राहुल चौहान की करंट लगने से हुई मृत्यु के मामले में जयस द्वारा दिया गया ज्ञापन व धरना प्रदर्शन*

बदनावर – दिनांक 22 जुलाई 2025 को जय आदिवासी युवा शक्ति (जयस) बदनावर तहसील के नेतृत्व में एक गंभीर एवं संवेदनशील प्रकरण को लेकर अनुविभागीय अधिकारी बदनावर तथा म.प्र. विद्युत वितरण कंपनी के अधिकारियों को ज्ञापन सौंपा गया। यह ज्ञापन 11 केवी विद्युत लाइन सुधार कार्य के दौरान करंट लगने से घायल हुए आउटसोर्स हेल्पर राहुल चौहान की मृत्यु के संदर्भ में दिया गया, जिनका उपचार के दौरान 19 जुलाई को दुःखद निधन हो गया। ज्ञात हो कि यह हादसा 24 मई 2025 को ग्राम भोइंदा में कार्य के दौरान हुआ था। मृतक राहुल चौहान, ग्राम बामंदा खुर्द के निवासी थे और म.प्र. विद्युत वितरण कंपनी में आउटसोर्स हेल्पर के रूप में कार्यरत थे। कार्यस्थल पर पर्याप्त सुरक्षा उपकरणों की अनुपलब्धता तथा ज़िम्मेदार अधिकारियों की लापरवाही के चलते उन्हें अपनी जान गंवानी पड़ी।

इस प्रकरण को लेकर जयस बदनावर द्वारा तहसील मुख्यालय पर धरना प्रदर्शन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में लोग सामाजिक कार्यकर्ता,धार जिला जयस पदाधिकारी, बदनावर तहसील पदाधिकारी तथा मृतक के परिजन शामिल हुए। सभी ने एक स्वर में यह मांग उठाई कि इस प्रकार की लापरवाहियों पर अब रोक लगे और पीड़ित परिवार को न्याय मिले। जयस की प्रमुख मांगे इस प्रकार हैं: मृतक के परिवार को ₹50 लाख की आर्थिक सहायता तत्काल प्रदान की जाए। मृतक के एक परिजन को स्थायी शासकीय नौकरी दी जाए। सभी आउटसोर्स कर्मचारियों को सुरक्षा उपकरण, बीमा और प्रशिक्षण अनिवार्य रूप से उपलब्ध कराए जाएं। इस प्रकरण की निष्पक्ष जांच कर दोषी अधिकारियों पर सख्त अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाए। जयस ने चेतावनी दी है कि यदि उक्त मांगों पर शीघ्र कार्यवाही नहीं होती है, तो संगठन व्यापक आंदोलन करने को बाध्य होगा।

Related Post