कांग्रेस विधायकों के लिए “नव संकल्प शिविर” का आयोजन – वरिष्ठ नेताओं और विशेषज्ञों के साथ बनेगी मिशन 2028 की रणनीति

मध्यप्रदेश विधानसभा के नेता प्रतिपक्ष श्री उमंग सिंघार ने आज धार में पत्रकारों से चर्चा करते हुए कांग्रेस के नव संकल्प शिविर के बारे में विस्तार से जानकारी साझा की। श्री सिंघार ने बताया कि धार जिले के मांडू में 21 और 22 जुलाई को कांग्रेस विधायक दल की ओर से “नव संकल्प शिविर” का आयोजन किया जा रहा है। इस दो दिवसीय शिविर में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता, राजनीतिक विशेषज्ञ और प्रेरक वक्ता विधायकों के साथ गहन चिंतन कर अपने अनुभव साझा करेंगे।
श्री सिंघार पिछले 2 दिनों से मांडव में रुककर लगातार तैयारियों का जायजा भी ले रहे हैं। उन्होंने बताया कि शिविर को वर्चुअली श्री राहुल गांधी जी भी संबोधित करेंगे, जो विधायकों को पार्टी की विचारधारा, मूल्यों और समकालीन राजनीतिक चुनौतियों पर मार्गदर्शन देंगे। नेता प्रतिपक्ष ने बताया कि इस शिविर में कुल 12 सत्र आयोजित किए जाएंगे। इसमें कांग्रेस पार्टी के इतिहास, आजादी के आंदोलन में उसके योगदान, विचारधारा, संगठन की वर्तमान स्थिति और भविष्य की दिशा पर गहन चर्चा की जाएगी।
नेता प्रतिपक्ष श्री सिंघार ने कहा कि कांग्रेस की नई सोच–नई रणनीति, मिशन 2028 और राज्य की जनता से जुड़े मुद्दों को लेकर विधायकों से मंथन किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि विधायकों को 2028 के मिशन के अंतर्गत चुनाव प्रबंधन, रणनीति, जमीनी कामकाज और सोशल मीडिया की ताकत के बारे में भी जानकारी दी जाएगी। नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि विधायकों को बताया जाएगा कि डिजिटल युग में सोशल मीडिया कैसे एक सशक्त राजनीतिक हथियार बन चुका है और कैसे सूचनाओं का प्रभावशाली इस्तेमाल कर चुनावी रणनीति को धार दी जा सकती है।
शिविर के दौरान भाजपा सरकार की विफलताओं, भ्रष्टाचार, घोटालों और कानून व्यवस्था की बिगड़ती स्थिति पर भी मंथन होगा। आगामी विधानसभा सत्र में कांग्रेस पार्टी इन मुद्दों को प्रमुखता से उठाकर सरकार को घेरने की रणनीति तय करेगी।
शिविर को संबोधित करने वाले प्रमुख नेता एवं वक्ता:
- श्री जीतू पटवारी – अध्यक्ष, मध्यप्रदेश कांग्रेस कमेटी
- श्री हरीश चौधरी – प्रदेश प्रभारी
- श्री सोनू शर्मा – प्रेरक वक्ता
- श्री भगवंदेव इसरानी – पूर्व प्रमुख सचिव, म.प्र. विधानसभा
- श्री कमलनाथ – पूर्व मुख्यमंत्री
- श्री विवेक तन्खा – सांसद, राज्यसभा
- श्री पवन खेड़ा – अध्यक्ष, एआईसीसी मीडिया विभाग
- श्री अजय माकन – कोषाध्यक्ष एवं सांसद, राज्यसभा
- सुश्री सुप्रिया श्रीनेत – अध्यक्ष, कांग्रेस सोशल मीडिया विभाग
नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि यह ट्रेनिंग प्रोग्राम नहीं है क्योंकि सभी विधायक नेता हैं। ये मिशन 2028 की तैयारी के तहत नव संकल्प शिविर है। उन्होंने कहा कि इसके माध्यम से ना सिर्फ पार्टी संगठन मजबूत होगा बल्कि और मजबूती के साथ सड़क से लेकर सदन तक हम जनता के मुद्दे उठाएंगे।


