
हाट बाजार मे ड्यूटी रत पुलिस कर्मी की सतर्कता से बिछड़ा मासूम बालक सकुशल परिजनों को सौंपा
बड़वानी ( नरेन्द्र गुप्ता)- जिला बड़वानी के कस्बा नागलवाड़ी हाट बाजार में ड्यूटी पर तैनात पुलिस कर्मियों द्वारा त्वरित और मानवीय कार्यवाही करते हुए एक बिछड़े हुए 2 वर्षीय मासूम बालक को परिजनों से संपर्क स्थापित कर सकुशल सुपुर्द किया गया।पुलिस अधीक्षक जगदीश डावर द्वारा जिले के सभी हाट बाजारों में इंतजाम ड्यूटी हेतु समस्त थाना प्रभारियों को निर्देशित किया गया है। इसी क्रम में, थाना नागलवाड़ी के प्रभारी निरीक्षक माधव सिंह ठाकुर द्वारा पुलिस अधीक्षक एवं एसडीओपी सेंधवा अजय वाघमारे के मार्गदर्शन में कस्बा नागलवाड़ी हाट बाजार में ड्यूटी पर आरक्षक क्र. 53 कैलाश चौहान तैनात थे।इसी दौरान, हाट बाजार में नवाडियापुरा ग्राम नागलवाड़ी निवासी चंपाबाई कन्नोजे का दो वर्षीय पुत्र बाजार की भीड़ में बिछड़ गया। आरक्षक कैलाश चौहान द्वारा मानवता और सतर्कता का परिचय देते हुए तत्परता से बालक को सुरक्षित संरक्षण में लिया गया और आसपास पूछताछ कर परिजनों से संपर्क स्थापित किया गया। कुछ समय पश्चात बच्चे को उसकी माता चंपाबाई को सकुशल सौंपा गया।इस त्वरित व सराहनीय कार्यवाही में थाना प्रभारी निरीक्षक माधव सिंह ठाकुर तथा आरक्षक 53 कैलाश चौहान की भूमिका प्रशंसनीय रही, जिनकी संवेदनशीलता व सतर्कता के कारण एक मासूम को सुरक्षित उसके परिजनों से मिलाया जा सका।

