Thu. Apr 23rd, 2026

चोरी के मामले में फरार आरोपी को राजस्थान से किया गिरफ्तार

आधुनिक तकनीक व सशक्त फील्ड इंटेलिजेंस से फरार आरोपीयों को राजस्थान से किया गिरफ्तार

बड़वानी (नरेन्द्र गुप्ता)। पुलिस अधीक्षक पद्मविलोचन शुक्ल के निर्देशन में व अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक धीरज बब्बर एवं एसडीओपी सेंधवा अजय वाघमारे के मार्गदर्शन में थाना सेंधवा शहर पुलिस को चोरी के प्रकरण में बड़ी सफलता प्राप्त हुई है। पुलिस टीम ने आधुनिक तकनीकी साक्ष्यों एवं सायबर सेल के सहयोग से फरार आरोपियों को राजस्थान से गिरफ्तार किया है।
फरियादी रितिक पिता राधेश्याम पटेल की नया बस स्टैंड चौराहे स्थित कृषि सामग्री की दुकान में अज्ञात चोरों द्वारा दुकान के साइड की लोहे की फ्रेम में लगे कांच को तोड़कर अंदर प्रवेश किया गया तथा करीब 4,60,000 रुपये नगद एवं एक चेक चोरी कर लिए गए। घटना की गंभीरता को देखते हुए थाना सेंधवा शहर में अपराध क्रमांक 46/2026 धारा 331(4), 305-ए बीएनएस के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना प्रारंभ की गई।
तकनीकी जांच एवं सायबर सेल की भूमिका से प्रकरण के खुलासे हेतु पुलिस टीम द्वारा घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज का बारीकी से विश्लेषण किया गया। सायबर सेल से प्राप्त तकनीकी जानकारी एवं अन्य डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान कर उनके मूवमेंट को ट्रैक किया गया। जांच के दौरान यह जानकारी प्राप्त हुई कि आरोपी घटना के बाद राजस्थान भाग गए हैं।
वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में गठित विशेष टीम को राजस्थान रवाना किया गया। पुलिस टीम ने स्थानीय पुलिस थाना भुगंडा (जिला बांसवाड़ा) के सहयोग से दबिश देकर दोनों आरोपियों को सफलतापूर्वक गिरफ्तार किया।
गिरफ्तार आरोपी उदयलाल उर्फ उदिया उर्फ उदा पिता कचरू चारकोटा, उम्र 31 वर्ष, निवासी लक्ष्मणगढ़ झरी, थाना भुगंडा, जिला बांसवाड़ा (राजस्थान).दिलीप पिता तोलिया मइड़ा, उम्र 29 वर्ष, निवासी ग्राम पीपलवा पीपलोद, थाना कोतवाली, जिला बांसवाड़ा (राजस्थान)
आरोपियों के कब्जे से चोरी गई राशि में से ₹24,080 नगद एवं एक चेक बरामद किया गया है। शेष राशि के संबंध में पूछताछ जारी है।
इस उल्लेखनीय कार्रवाई में थाना प्रभारी सेंधवा शहर दिनेश सिंह कुशवाह के नेतृत्व में सउनि. मनीष सोलंकी, सउनि. संजय पाटीदार, आरक्षक नीरज डांगरे, आरक्षक सुरेश बडोले तथा सायबर सेल से उपनिरीक्षक रितेश खत्री, प्रआर. योगेश पाटिल, आरक्षक मड़िया डावर एवं आरक्षक अर्जुन नरगावे की महत्वपूर्ण भूमिका रही। साथ ही थाना भुगंडा (जिला बांसवाड़ा) पुलिस का भी सराहनीय सहयोग प्राप्त हुआ।
बड़वानी पुलिस द्वारा अपराधियों के विरुद्ध “जीरो टॉलरेंस” की नीति अपनाते हुए सख्त कार्रवाई लगातार जारी है। आधुनिक तकनीक एवं सुदृढ़ फील्ड इंटेलिजेंस के समन्वय से अपराधियों को किसी भी स्थान से गिरफ्तार कर न्याय के कटघरे में लाया जाएगा।

Related Post