Fri. Mar 6th, 2026

बड़वानी में तांत्रिक झांसे से लाखों की ठगी धर्मांतरण का दबाव, जान से मारने की धमकी का केस दर्ज

बड़वानी में तांत्रिक झांसे से लाखों की ठगी धर्मांतरण का दबाव, जान से मारने की धमकी का केस दर्ज

बड़वानी (नरेन्द्र गुप्ता)/ शहर के पाटी नाका क्षेत्र में तांत्रिक क्रियाओं का झांसा देकर लाखों रुपये की ठगी, धर्मांतरण का दबाव बनाने और जान से मारने की धमकी देने का गंभीर मामला सामने आया है। बड़वानी कोतवाली पुलिस ने एक युवक की शिकायत पर आरोपी आसिफ शेख के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता 2023, अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति (अत्याचार निवारण) अधिनियम और मध्यप्रदेश धार्मिक स्वतंत्रता अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार, पीड़ित की पहचान आरोपी से पाटी नाका क्षेत्र में हुई थी। आरोपी ने खुद को तांत्रिक क्रियाओं में माहिर बताते हुए काले जादू से घर में धन-वर्षा कराने और जीवन की परेशानियां दूर करने का भरोसा दिलाया। आरोपी की बातों में आकर पीड़ित ने अलग-अलग समय पर नकद और ऑनलाइन माध्यम से कुल करीब 4 लाख रुपये उसे दिए।शिकायत में बताया गया है कि आरोपी ने तांत्रिक प्रक्रिया के नाम पर कुछ वस्तुएं कपड़े में बांधकर घर में रखने और बाद में नर्मदा नदी में बहाने के निर्देश दिए। इसके साथ ही कथित तौर पर दिल्ली से आए कुछ कागजात भी नदी किनारे जलवाए गए। आरोपी ने इन सभी गतिविधियों को विशेष साधना का हिस्सा बताया था।

कुछ समय बाद आरोपी का व्यवहार बदल गया। शिकायत के अनुसार, आरोपी ने पीड़ित पर इस्लाम धर्म स्वीकार करने का दबाव बनाना शुरू कर दिया। आरोपी व्हाट्सएप पर धार्मिक आयतों की तस्वीरें भेजकर तड़के सुबह उन्हें पढ़ने का दबाव बनाता था। कई बार मौखिक रूप से भी धर्म परिवर्तन के लिए कहा गया। जब पीड़ित ने इंकार किया, तो आरोपी ने उसकी मां को जान से मारने की धमकी दी और लगातार डराने-धमकाने लगा। हाल ही में पाटी नाका क्षेत्र में हुई एक मुलाकात के दौरान आरोपी ने फिर से धर्म परिवर्तन की बात कही। मना करने पर आरोपी ने गाली-गलौज की और जब पीड़ित ने अपने रुपये वापस मांगे तो उसे धमकियां दी गईं।

इसके बाद पीड़ित ने अपने परिचितों के साथ थाने पहुंचकर मामले की शिकायत दर्ज कराई। कोतवाली टीआई बलजीत सिंह बिसेन ने बताया कि प्राप्त शिकायत के आधार पर संबंधित धाराओं में प्रकरण दर्ज किया गया है। मामले में तांत्रिक झांसे, आर्थिक लेन-देन, धमकी और धर्मांतरण से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।

Related Post