Fri. Mar 6th, 2026

सनातन संस्कृति की झलक: श्री हरि-हर घाट पर भव्य नगर भ्रमण व ध्वजारोहण

सनातन संस्कृति की झलक: श्री हरि-हर घाट पर भव्य नगर भ्रमण व ध्वजारोहण


मनावर।
श्री वराहेश्वर तीर्थ क्षेत्र के अंतर्गत श्री हरि हर घाट, वराह नगर बड़ा-बड़दा (बाकनेर) में मंगलवार को नगर भ्रमण एवं ध्वजारोहण का पावन कार्यक्रम श्रद्धा, भक्ति एवं उत्साह के साथ सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में धर्मप्रेमी श्रद्धालुओं ने सहभागिता कर पुण्य लाभ अर्जित किया।
यह समस्त धार्मिक अनुष्ठान स्मरणीय सद्गुरुदेव परम पूज्य श्री श्री 1008 श्री भगवत दास जी महाराज
(महात्यागी, पागल फलाहारी बाबा, हनुमान गढ़ी महाकाल आश्रम, अनघोरा, जिला रायसेन),
सद्गुरु स्वामी गोविंदप्रसाददास जी,
शास्त्री स्वामी श्री सूर्यप्रकाशदास जी (सारंगपुर),
कोठारी श्री कुक्षी – श्री स्वामिनारायण मंदिर, बाग रोड (वंडताल संस्था)


तथा कथावाचक पंडित प्रवीण शर्मा ‘राधे भैया’ एवं कथा वाचक रिद्धि शर्मा, गंधवानी
के पावन कर-कमलों द्वारा, साधु-संतों एवं महात्माओं की गरिमामयी उपस्थिति में सम्पन्न हुआ।
कार्यक्रम के अंतर्गत दोपहर 12 बजे से सायं 4 बजे तक नगर भ्रमण निकाला गया, जिसमें श्रद्धालु भजन-कीर्तन करते हुए माँ नर्मदा एवं श्री हरिहर के जयकारे लगाते हुए सम्मिलित हुए। इसके पश्चात विधिवत ध्वजारोहण कर क्षेत्र की सुख-समृद्धि, शांति एवं धार्मिक उन्नति की कामना की गई।
ध्वजारोहण के पश्चात आयोजित धर्मसभा के दौरान “श्री हरि-हर घाट” के निर्माण हेतु उपस्थित श्रद्धालुओं एवं भक्तों ने अपनी-अपनी क्षमता के अनुसार दान राशि भेंट की।

श्रद्धालुओं का उत्साह एवं समर्पण देखते ही बनता था।
साधु-संतों ने अपने उद्बोधन में सनातन संस्कृति, नर्मदा सेवा एवं समाज में धर्म के महत्व पर प्रकाश डाला। आयोजन के दौरान सम्पूर्ण क्षेत्र भक्तिमय वातावरण से सराबोर रहा।
कार्यक्रम की सफलता पर आयोजक मंडल द्वारा सभी श्रद्धालुओं, साधु-संतों एवं सहयोगकर्ताओं के प्रति आभार व्यक्त किया गया। इस अवसर पर पंडित प्रवीण शर्मा ‘राधे भैया’ ने अपने वक्तव्य में कहा कि सम्पूर्ण ध्वजारोहण के इस पुनीत अनुष्ठान को सफल बनाने में “माँ नर्मदा समग्र इकाई”, वराहनगर बड़ा-बड़दा के समस्त सदस्यों की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। उन्होंने कहा कि यह घाट जन-जन का संकल्प है और जन-जन के सहयोग से ही यह घाट भव्य स्वरूप प्राप्त करेगा।
कुंदन सिंह चौहान द्वारा सभी संतों का शाल एवं श्रीफल से स्वागत कर आभार व्यक्त किया गया। वहीं राधे भैया ने कोटेश्वर नर्मदा बहुउद्देशीय सेवा संस्थान के अध्यक्ष मोहन पाटीदार भंवरिया एवं उनकी पूरी टीम के सहयोग के लिए भी धन्यवाद ज्ञापित किया।

Related Post