
सादलपुर के रामगोपाल वर्मा ‘पत्तन, पोत परिवहन और जलमार्ग मंत्रालय’ की हिन्दी सलाहकार समिति में सदस्य नियुक्त
सादलपुर (धार): मध्यप्रदेश के धार जिले के लिए गौरव का विषय है कि क्षेत्र के सुप्रसिद्ध कवि व व्यंग्यकार ,अटल चरित के रचयिता तथा मालवा प्रांत के गौ-सेवा प्रमुख, जैविक खेती के सूत्र धार सादलपुर निवासी रामगोपाल वर्मा कुशवाह को भारत सरकार के ‘पत्तन, पोत परिवहन और जलमार्ग मंत्रालय’ की हिन्दी सलाहकार समिति में गैर-सरकारी सदस्य के रूप में मनोनीत किया गया है।
गृह मंत्रालय ने जारी किया आदेश
भारत सरकार के गृह मंत्रालय (राजभाषा विभाग) द्वारा जारी आधिकारिक कार्यालय ज्ञापन के अनुसार, माननीय गृह राज्य मंत्री की स्वीकृति के बाद यह महत्वपूर्ण नियुक्ति की गई है। इस समिति में देशभर से केवल तीन विद्वानों को सदस्य के रूप में चुना गया है, जिनमें सादलपुर के श्री वर्मा का नाम शामिल होना पूरे क्षेत्र के लिए बड़ी उपलब्धि है।
मंत्रालय के कार्यों में देंगे मार्गदर्शन
इस नियुक्ति के बाद श्री वर्मा केंद्रीय मंत्रालय की महत्वपूर्ण बैठकों में हिस्सा लेंगे और सरकारी कामकाज में राजभाषा हिन्दी के प्रभावी उपयोग और विकास के लिए अपनी विशेषज्ञ सलाह देंगे। यह समिति मंत्रालय के अधीन बंदरगाहों और जलमार्गों से संबंधित कार्यों में हिन्दी भाषा को बढ़ावा देने के लिए उत्तरदायी होती है।
क्षेत्र में गौरव का विषय
श्री वर्मा की इस उपलब्धि पर स्थानीय जनप्रतिनिधियों और क्षेत्र के गणमान्य नागरिकों ने हर्ष व्यक्त किया है। दिल्ली स्थित परिवहन भवन और संसद मार्ग कार्यालयों से होने वाली इन बैठकों में अब सादलपुर की आवाज भी सुनाई देगी।


