Sat. Mar 7th, 2026

जैन पत्रकार परिषद मध्यप्रदेश द्वारा जैन पत्रकार अवॉर्ड सम्मान समारोह 29 मार्च को उज्जैन में आयोजित होगा

जैन पत्रकार परिषद मध्यप्रदेश द्वारा जैन पत्रकार अवॉर्ड सम्मान समारोह 29 मार्च को उज्जैन में आयोजित होगा

आचार्यश्री विश्वरत्नसागर सूरीश्वरजी म. सा. के सानिध्य में होगा आयोजन

सामाजिक क्षेत्र में उपलब्धियों पर किया जाएगा जैन पत्रकारों को अवॉर्ड से सम्मानित

बखतगढ़। मध्यप्रदेश के जैन पत्रकारों का अवॉर्ड सम्मान समारोह 29 मार्च को महालोक महाकाल की नगरी उज्जैन में आयोजित होगा। यह भव्य आयोजन जैन पत्रकार परिषद के बैनर तले आचार्यश्री विश्वरत्नसागर सूरीश्वरजी म. सा. की प्रेरणा एवं मार्गदर्शन में मध्यप्रदेश के इतिहास में प्रथम बार आयोजित किया जाएगा। इस गरिमामय समारोह में प्रदेशभर से बड़ी संख्या में पहुंचने वाले पत्रकारों में बदनावर तहसील सहित जिलेभर से जैन पत्रकार भाग लेने उज्जैन पहुंचेंगे।

उल्लेखनीय कार्य के लिए देंगे अवॉर्ड

प्रदेश संयोजक दीपक दुग्गड़ एवं प्रदेश सलाहकार दिलीप दरड़ा (बखतगढ़) ने बताया कि अवॉर्ड सम्मान समारोह का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्र के जैन पत्रकार जिन्होंने अपने क्षेत्र में अपनी कलम की धार के माध्यम से कोई उपलब्धि हासिल की हो, जनप्रतिनिधि एवं अधिकारियों के समक्ष जनहित के मुद्दे उठाकर जनहित में उल्लेखनीय कार्य करने पर पत्रकार को शासन, प्रशासन एवं सामाजिक संगठन द्वारा अवॉर्ड मिला हो या किसी पत्रकार ने अंतरराष्ट्रीय मंच पर अपनी उपस्थिति दर्ज कराकर समाज सेवा के कार्य को अपने जीवन का लक्ष्य बनाकर समाज सेवा के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य करने पर सम्मान प्राप्त किया हो। ऐसे पत्रकारों को जैन पत्रकार परिषद के बैनर तले अवॉर्ड से सम्मानित किया जाएगा।

इंदौर चातुर्मास अवसर पर की गई थी घोषणा

गौरतलब है कि आचार्यश्री विश्वरत्नसागर सूरीश्वरजी म. सा. का इस वर्ष इंदौर महानगर में चातुर्मास हुआ था। चातुर्मास के दौरान आचार्यश्री ने कहा था कि जैन समाज के पत्रकार पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी धार धार कलम के द्वारा सामाजिक, धार्मिक एवं जनहित के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य करते है। समाज के ऐसे जैन पत्रकारों को प्रोत्साहन स्वरूप उनका हौसला बढ़ाने के लिए समारोह आयोजित कर मंच के माध्यम से सम्मानित किया जाएगा। जिसका समारोह रूप मार्च माह में मूर्त रूप लेगा।

समाज हित में मील का पत्थर साबित होगा यह परिषद

आचार्यश्री द्वारा संगठन को मजबूत करने के उद्देश्य से जैन पत्रकार परिषद का गठन कर मध्यप्रदेश में इसको मूर्त रूप देकर विस्तार किया गया। जो आज प्रदेश में सक्रिय रूप से कार्य कर समाज सेवा के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य कर रहा है। आचार्यश्री का यह कदम एवं प्रेरणा निश्चित ही समाज हित में मील का पत्थर साबित होगा। मालवा महासंघ के प्रदेश सचिव अशोक जैन ने आगामी मार्च माह में आयोजित पत्रकारों के अवॉर्ड सम्मान समारोह में प्रदेश के जैन पत्रकारों से अधिक से अधिक संख्या में भाग लेकर समारोह को सफल बनाने का आह्वान किया।

आचार्यश्री के मार्गदर्शन में पहली बार जैन पत्रकार परिषद का हुआ गठन

जैन पत्रकारों के लिए कई बार पत्रकारों के संगठन बनाए गए लेकिन संगठन लंबे समय तक नहीं चल पाए। आचार्यश्रीजी की प्रेरणा एवं मार्गदर्शन में प्रथम बार जैन पत्रकार परिषद का गठन किया गया जो वर्तमान में सक्रिय रूप से मध्यप्रदेश में 538 जैन पत्रकार साथियों को जोड़कर बड़े पैमाने पर कार्य कर रहा है। परिषद के संयोजक एवं पदाधिकारी सभी जैन पत्रकार सदस्य को साथ लेकर परिषद को मजबूती प्रदान कर रहे हैं। प्रदेश संयोजक श्री दुग्गड़ एवं प्रदेश सलाहकार श्री दरड़ा ने बताया कि उक्त परिषद आने वाले समय में अन्य राज्यों के जैन पत्रकारों को भी जोड़कर आचार्यश्रीजी के आशीर्वाद से एक विशाल एवं अकल्पनीय परिषद का रूप धारण करेगा।

Related Post