“सांसद खेल महोत्सव 2025” अंतर्गत बड़वानी में सेमीफाइनल प्रतियोगिता सम्पन्न कबड्डी में मार्डन स्कूल अंजड़ व रणजीत क्लब बड़वानी, क्रिकेट में भमोरी व सेगांव फाइनल में पहुँचे

बड़वानी (नरेन्द्र गुप्ता): लोकसभा सांसद गजेन्द्रसिंह पटेल के नेतृत्व में आयोजित “सांसद खेल महोत्सव 2025” के अंतर्गत पी.जी. कॉलेज मैदान, बड़वानी में जिला स्तरीय कबड्डी (महिला वर्ग) एवं क्रिकेट (पुरुष वर्ग) प्रतियोगिताओं के सेमीफाइनल मुकाबले अत्यंत उत्साह, ऊर्जा एवं अनुशासित खेल भावना के साथ संपन्न हुए। खिलाड़ियों ने खेल कौशल, टीम भावना एवं प्रतिस्पर्धात्मक जज़्बे का सराहनीय प्रदर्शन किया।

सेमीफाइनल मुकाबलों में उत्कृष्ट खेल का प्रदर्शन करते हुए कबड्डी प्रतियोगिता में ठीकरी जनपद की मार्डन स्कूल अंजड़ एवं रणजीत क्लब बड़वानी ने अपने-अपने मुकाबले जीतकर फाइनल में प्रवेश किया। इन दोनों टीमों के मध्य फाइनल मुकाबला 25 दिसंबर 2025 को प्रातः 9 बजे आयोजित किया जाएगा।

वहीं क्रिकेट प्रतियोगिता में भमोरी एवं सेगांव की टीमों ने सेमीफाइनल में शानदार जीत दर्ज करते हुए फाइनल में स्थान सुनिश्चित किया, जिनके मध्य फाइनल मुकाबला आज खेला जाएगा।
जिला खेल संयोजक अजय कानूनगो ने जानकारी देते हुए बताया कि सांसद खेल महोत्सव युवाओं के सर्वांगीण विकास का सशक्त मंच है। प्रतियोगिता में प्रतिभागी खिलाड़ियों का जोश, अनुशासन एवं समर्पण खेल के प्रति उनकी गहरी प्रतिबद्धता और आत्मविश्वास को दर्शाता है। यह महोत्सव ग्रामीण एवं शहरी प्रतिभाओं को समान अवसर प्रदान कर उन्हें आगे बढ़ने के लिए प्रेरित कर रहा है।
उन्होंने बताया कि आगामी 21 से 25 दिसंबर के बीच सांसद खेल महोत्सव के अंतर्गत जिला स्तरीय (सेमीफाइनल) विभिन्न खेलो प्रतियोगिताएँ आयोजित की जाएँगी, जिनमें गिल्ली-डंडा, खो-खो, पंजा कुश्ती एवं कबड्डी शामिल हैं जिसकी समय सारिणी जारी की गई है।

इस अवसर पर जिला उपाध्यक्ष एवं जिला खेल संयोजक अजय कानूनगो, नगर/मंडल अध्यक्ष शुभम पांडेय, भाजपा पिछड़ा मोर्चा जिला अध्यक्ष विकास यादव, विधानसभा खेल महोत्सव संयोजक सचिन चौहान, अमृतलाल अग्रवाल, नंदू नागौर, आनंद गुप्ता, अभिषेक दीक्षित, काली कप्तान सहित अनेक जनप्रतिनिधि, भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता, मातृशक्ति, खेल शिक्षक, खिलाड़ी एवं बड़ी संख्या में खेल प्रेमी दर्शक उपस्थित रहे।

