Sat. Mar 7th, 2026

गौमाताओं में फैल रहे लम्पी वायरस की रोकथाम हेतु त्वरित कार्यवाही – सांसद के पत्र के बाद जारी हुई विस्तृत एडवाइजरी

गौमाताओं में फैल रहे लम्पी वायरस की रोकथाम हेतु त्वरित कार्यवाही – सांसद गजेंद्र सिंह पटेल के पत्र के बाद जारी हुई विस्तृत एडवाइजरी

बड़वानी (नरेन्द्र गुप्ता): संसदीय क्षेत्र खरगोन-बड़वानी में हाल ही में गौमाताओं में लम्पी वायरस का संक्रमण तेजी से फैल रहा है, जिससे कई गौमाताओं की मृत्यु हुई है। इस गंभीर स्थिति को ध्यान में रखते हुए, क्षेत्र के सांसद गजेंद्र सिंह पटेल ने खरगोन एवं बड़वानी जिला कलेक्टरों को पत्र लिखकर संक्रमण की रोकथाम, उपचार एवं टीकाकरण की त्वरित और प्रभावी व्यवस्था सुनिश्चित करने का आग्रह किया था। सांसद के पत्र के पश्चात, पशुपालन एवं डेयरी विभाग द्वारा दोनों जिलों के लिए लम्पी रोग की रोकथाम एवं टीकाकरण कार्य पूर्ण करने हेतु विस्तृत एडवाइजरी जारी की गई है। विभाग ने रोग के नियंत्रण, उपचार, टीकाकरण, अन्वेषण और जैव सुरक्षा से संबंधित दिशा-निर्देश जारी किए हैं।


एडवाइजरी के अनुसार, लम्पी रोग के लक्षण दिखाई देने पर तत्काल पशुपालन विभाग को सूचित करने के निर्देश दिए गए हैं। संक्रमित पशुओं को स्वस्थ पशुओं से तुरंत अलग रखा जाए और संक्रमित क्षेत्र से पशुओं के आवागमन को पूर्णतः प्रतिबंधित किया जाए। बीमारी फैलाने वाले मच्छर, मक्खी आदि वेक्टरों के नियंत्रण हेतु आवश्यक कदम उठाने के साथ ही संक्रमित क्षेत्र से दस किलोमीटर की परिधि में पशु बाजार, प्रदर्शनी एवं पशु संबंधित आयोजनों पर पूर्ण प्रतिबंध लगाया गया है। इसके अलावा, प्रभावित क्षेत्रों में नियमित साफ-सफाई एवं कीटाणुनाशक दवाओं का छिड़काव करने के निर्देश भी दिए गए हैं।
टीकाकरण व्यवस्था के अंतर्गत संक्रमित क्षेत्र के पाँच किलोमीटर दायरे में ‘रिंग वेक्सीनेशन’ अभियान चलाया जाएगा। प्राथमिकता गौशालाओं, सीमावर्ती विकासखण्डों, दुग्ध उत्पादन क्षेत्रों एवं गौवंशीय बछड़ों को दी जाएगी, जिसके बाद अन्य क्षेत्रों में टीकाकरण किया जाएगा। सभी शासकीय प्रक्षेत्रों में 100 प्रतिशत टीकाकरण सुनिश्चित किया जाएगा तथा प्रत्येक टीकाकरण की जानकारी पंजी में दर्ज की जाएगी। निराश्रित पशुओं के टीकाकरण में स्थानीय प्रशासन का सहयोग लिया जाएगा और प्रत्येक पशु के लिए नई सुई का उपयोग अनिवार्य रहेगा। पशु चिकित्सा अधिकारी अपने-अपने क्षेत्रों का नियमित निरीक्षण एवं सत्यापन करेंगे ताकि अभियान की पारदर्शिता और प्रभावशीलता बनी रहे।
सांसद गजेंद्र सिंह पटेल ने कहा कि गौमाता हमारी आस्था और ग्रामीण अर्थव्यवस्था की आधारशिला हैं। लम्पी वायरस संक्रमण से उनकी सुरक्षा हमारी प्राथमिक जिम्मेदारी है। प्रशासन और पशुपालन विभाग द्वारा जारी यह एडवाइजरी निश्चित ही संक्रमण नियंत्रण में प्रभावी सिद्ध होगी।

Related Post