
हिंगोट पर रहेगा पूर्ण प्रतिबंध
“दीपावली एवं पड़वा पर्व पर हिंगोट चलाने की खतरनाक कुप्रथा रोकने के लिए पुलिस की सक्रिय पहल — थाना बड़वानी में जनसंवाद और शांति बैठक”
बड़वानी ( नरेन्द्र गुप्ता)– जिले में दीपावली और पड़वा पर्व को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाने और हिंगोट चलाने की खतरनाक कुप्रथा को रोकने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक जगदीश डावर द्वारा बड़वानी जिले के सभी थाना क्षेत्रों में जनसंवाद और शांति समिति की बैठकें आयोजित करने के निर्देश दिए गए।

निर्देशों के पालन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक धीरज बब्बर और एसडीओपी अनुभाग बड़वानी दिनेशसिंह चौहान के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी दिनेशसिंह कुशवाह के नेतृत्व में कोतवाली थाना, बड़वानी में दीपावली और पड़वा पर्व मनाने एवं हिंगोट पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने हेतु शांति समिति की बैठक और जनसंवाद कार्यक्रम मंगलवार को आयोजित किया गया।
इस दौरान हिंगोट में विस्फोटक पदार्थ भरने, निर्माण, भंडारण, क्रय-विक्रय और असामाजिक तत्वों द्वारा ज्वलनशील हिंगोट चलाने से होने वाले नुकसान के बारे में सभी को जागरूक किया गया। सभी उपस्थित सदस्यों ने हिंगोट जैसी खतरनाक कुप्रथा पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने पर सहमति जताई।

पुलिस द्वारा सभी संदिग्ध व्यक्तियों और विक्रेताओं पर निगरानी रखी जा रही है। दिन-रात पेट्रोलिंग और मुखबिर तंत्र सक्रिय रहेगा। हिंगोट की सप्लाई, निर्माण और उपयोग से जुड़ी सभी गतिविधियों पर सघन जांच और आकस्मिक निरीक्षण जारी रहेगा। समिति के सदस्यों को यातायात, सुरक्षा, विद्युत व्यवस्था और साफ-सफाई संबंधी दिशा-निर्देश दिए गए।
किसी भी संदिग्ध गतिविधि या व्यक्ति की सूचना तुरंत पुलिस कंट्रोल रूम पर दें। नागरिकों से अनुरोध है कि वे इस प्रकार की गतिविधियों में शामिल न हों और युवाओं को सावधान रखें। इस पर्व को शांति, सुरक्षा और सामूहिक सहयोग के साथ मनाने में प्रशासन का सहयोग करें।
“बीते वर्षों में हिंगोट के कारण कई लोग घायल हुए और संपत्ति का नुकसान हुआ है। इस बार कलेक्टर बड़वानी के आदेश के तहत इसमें संलिप्त 12 लोगों से 1-1 लाख रुपए का बंधपत्र भरवाया गया है। पुलिस इस कुप्रथा की सप्लाई, निर्माण और उपयोग से जुड़ी गतिविधियों की सघन जांच कर रही है। हम सभी से अपील करते हैं कि इस प्रकार की खतरनाक परंपराओं में शामिल न हों और दीपावली पर्व को शांति और सुरक्षा के साथ मनाएं। हमारा लक्ष्य है कि हिंगोट जैसी खतरनाक कुप्रथाओं को जड़ों से समाप्त किया जाए।”
*जनसंवाद में बड़वानी एएसपी धीरज बब्बर, एसडीओपी दिनेशसिंह चौहान, तहसीलदार हितेंद्र भावसार, थाना प्रभारी कोतवाली दिनेशसिंह कुशवाह, विद्युत विभाग सहायक यंत्री जे.आर. गंगारे, यातायात थाना प्रभारी विनोदसिंह बघेल, थाना स्टाफ सहित अधिकारी, पत्रकार बंधु, व्यापारी, जनप्रतिनिधि, नगर सुरक्षा समिति सदस्य और नागरिक उपस्थित रहे।
