बड़वानी में आयोजित जिला स्तरीय सम्मेलन में “एक राष्ट्र, एक चुनाव” पर हुई विस्तारपूर्ण चर्चा

बड़वानी( नरेन्द्र गुप्ता): शहीद भीमानायक शासकीय महाविद्यालय सभागृह, बड़वानी में जिला स्तरीय सम्मेलन का आयोजन किया गया, जिसमें “एक राष्ट्र, एक चुनाव” के बहुआयामी सकारात्मक पहलुओं पर व्यापक परिचर्चा हुई। इस कार्यक्रम में विद्यार्थियों, युवाशक्ति, प्रबुद्धजन और जनप्रतिनिधि बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

इस अवसर पर मुख्य वक्ता के रूप में म.प्र. युवा आयोग के पूर्व अध्यक्ष डॉ. निशांत खरे ने अपने विचार साझा किए। डॉ. खरे ने कहा कि हमारे देश में संविधान निर्माण के समय से ही “वन नेशन, वन इलेक्शन” का सिद्धांत था। उन्होंने विस्तार से बताया कि 1967 तक लोकसभा और विधानसभा चुनाव एक साथ होते रहे, लेकिन उस समय कुछ राज्यों में कांग्रेस सरकारों की लगातार हार के कारण राजनीतिक बौखलाहट के चलते बार-बार चुनाव कराने की प्रथा शुरू हो गई। उन्होंने स्पष्ट किया कि भाजपा इससे राजनीतिक लाभ लेने के लिए नहीं कह रही है, बल्कि देश में स्थिर शासन और विकास के लिए यह जरूरी है। डॉ. खरे ने कहा कि भाजपा स्थापना के शुरुआती वर्षों से ही देश में एक साथ चुनाव की बात कर रही है।

कार्यक्रम में लोकसभा सांसद गजेन्द्रसिंह पटेल ने कहा कि “एक राष्ट्र, एक चुनाव” प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी का विजन है और यह देशहित में है। उन्होंने बताया कि यह कोई नया विचार नहीं है। 1952 में जब चुनाव शुरू हुए थे, तब लोकसभा और विधानसभा चुनाव एक साथ होते थे। 1957 और 1962 में भी यह प्रथा जारी रही, और 1967 तक चुनाव एक साथ होते रहे।

सम्मेलन की अध्यक्षता गुरुसिंघ सभा अध्यक्ष एच.पी.एस. भाटिया ने की। इस दौरान विद्यार्थियों ने नाट्य मंचन के माध्यम से “एक राष्ट्र, एक चुनाव” के सकारात्मक पक्षों को प्रभावी रूप से प्रस्तुत किया। उनके मंचन में यह स्पष्ट किया गया कि एक साथ चुनाव होने से देश का कीमती समय और संसाधन बचेंगे, विकास की योजनाओं को अविरल गति मिलेगी, प्रशासनिक स्थिरता और सुशासन मजबूत होंगे, और लोकतंत्र नई ऊँचाइयों तक पहुँचेगा। विद्यार्थियों ने सभी से आव्हान किया कि अपने ग्राम, नगर और बस्तियों में इस विषय पर चर्चा कर इसे जन-जन की आवाज़ बनाएं।
सम्मेलन में पूर्व कैबिनेट मंत्री प्रेमसिंह पटेल, भाजपा जिला अध्यक्ष अजय यादव, पानसेमल विधायक श्याम बर्डे, संयोजक अशोक पाटीदार, हेमेंद्र कुमरावत, रविंद्र कुलकर्णी सहित अन्य जनप्रतिनिधि, युवाशक्ति एवं प्रबुद्धजन उपस्थित रहे।
