Sat. Mar 7th, 2026

सादलपुर में पांच दिवसीय तेजादशमी पर्वोत्सव रंगारंग प्रस्तुति के साथ सम्पन्न

सादलपुर में पांच दिवसीय तेजादशमी पर्व मेला उत्सव रंगारंग प्रस्तुति के साथ सम्पन्न।

सादलपुर। लोक देवता सत्यवीर तेजाजी महाराज का तेजादशमी पर्व सादलपुर में बड़े हर्ष और उल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर नगर में पांच दिवसीय भव्य मेला उत्सव आयोजित हुआ, जो शनिवार से प्रारंभ होकर बुधवार डोल की झांकी सहित देर रात तक चलता रहा ।तेजाजी महाराज के मंदिर को आकर्षक विद्युत सज्जा से सजाया गया था। सप्तमी की रात्रि में थानक पर ग्राम तलवाड़ा की मंडली ने तेजाजी की गाथा लोक शैली में प्रस्तुत कर समां बांध दिया। तेजाजी मण्डल तलवाड़ा के साथियों का स्वागत ओंकारलाल जाट, आशाराम चौहान, सुरेश चौहान, अंतिम चौहान ने किया।इसी दिन सुरसरा राजस्थान से ज्योत लेकर पधारने पर शोभायात्रा निकाली गई।

अष्टमी की रात्रि में आदर्श रामायण एवं सांस्कृतिक मण्डल सादलपुर के लोक कलाकार रामभरोसे वर्मा, सुभाष जाट, हरिओम व्यास,परसराम चौहान, शिवनारायण जाट,भगवान सिंह मालवीय रामकिशन चौधरी, दिनेश ,भूरालाल चौधरी, सुरेश कुशवाह,व साथियों ने तेजाजी महाराज के जीवन पर अधारित नाटक का मंंचन किया,नवमी की रात्रि में भी शेष भाग का मंंचन किया गया। अंतिम भाग की प्रस्तुति दशमी के मेले में माता चौक पर दिन में दी गई। संगीत दीपक पांचाल एवं विनोद राणा ने दिया।पांडाल दर्शकों से खचाखच भरा रहा।भक्तिमय वातावरण में रात्रि जागरण का आयोजन हुआ, जिसमें श्रद्धालुओं ने देर रात तक नाटक का आनंद लिया। जिसका समापन तेजादशमी के दिन हुआ।पर्व पर बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने मंदिर पहुँचकर पूजन-अर्चन किया। श्रद्धालुओं ने मन्नतें पूरी होने पर निशान चढ़ाए, वहीं कई बच्चों का तुलादान भी किया गया। मेले में विभिन्न प्रकार की दुकानों ने आकर्षण बढ़ाया, जिनमें खासतौर पर खेल-खिलौनों की दुकानों पर बच्चों की भीड़ उमड़ती रही।मेले में ग्राम जुहावदा बजरंग दल व्यायाम शाला एवं सादलपुर के कलाकारों द्वारा अखाड़े में पारंपरिक कला का प्रदर्शन भी किया गया, व्यायाम शाला के उस्ताद भमरभाई दूध वाले का एवं खलीफाओं का गर्मजोशी के साथ स्वागत जनता की ओर से किया गया।जिसे दर्शकों ने खूब सराहा। मेला समिति के शिवनारायण जाट, लखनसिंह चौहान,भागीरथ झीरणिया द्वारा उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले कलाकारों को माल्यार्पण कर
सम्मानित किया गया।


इस पांच दिवसीय आयोजन में ग्रामीणों ने बड़े उत्साह और श्रद्धा के साथ सहभागिता निभाई, जिससे पूरा क्षेत्र भक्तिमय और सांस्कृतिक रंग में रंगा दिखाई दिया।

Related Post