हेल्प डेस्क बनी औपचारिकता, छात्रों को नहीं मिल रही मदद – कॉलेज की अव्यवस्थाओं पर एनएसयूआई का विरोध
बड़वानी (नरेन्द्र गुप्ता)।शहीद भीमा नायक शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, बड़वानी में नए प्रवेश सत्र की शुरुआत के साथ ही छात्रों को अव्यवस्थाओं का सामना करना पड़ रहा है। कॉलेज प्रशासन द्वारा छात्रों की सुविधा के लिए हेल्प डेस्क की व्यवस्था तो की गई है, लेकिन यह डेस्क महज़ औपचारिकता बनकर रह गई है। प्रवेश लेने आए प्रथम वर्ष (फर्स्ट ईयर) के छात्र-छात्राएँ भटकते नज़र आ रहे हैं और उन्हें सही मार्गदर्शन तक नहीं मिल पा रहा।एनएसयूआई कार्यकर्ताओं ने शुक्रवार को कॉलेज का दौरा कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और छात्रों की समस्याओं को सुना। इस मौके पर छात्र नेता बादल गिरासे ने कहा कि प्रशासन छात्रों को सुविधा देने में नाकाम साबित हो रहा है। हेल्प डेस्क का उद्देश्य यही था कि नए विद्यार्थी कॉलेज आने पर सीधे अपनी समस्या का समाधान पा सकें, लेकिन वास्तविकता यह है कि बच्चे अभी भी यह समझ नहीं पा रहे कि उन्हें किस विभाग में जाना है, किस कक्षा में बैठना है और प्रवेश से संबंधित औपचारिकताओं को कहाँ पूरा करना है।नए प्रवेश लेने वाले कई छात्र-छात्राओं ने बताया कि हेल्प डेस्क पर बैठे कर्मचारी या तो अनुपस्थित रहते हैं या उन्हें ठीक से जानकारी नहीं देते। ऐसे में छात्रों को विभाग-दर-विभाग चक्कर लगाना पड़ रहा है। विशेषकर ग्रामीण व आदिवासी अंचल से आए छात्रों के लिए यह परेशानी और भी बड़ी साबित हो रही है। कई छात्रों ने कहा कि वे प्रवेश लेकर कॉलेज पहुँचे, लेकिन उन्हें यह तक स्पष्ट नहीं था कि किस रूम या किस विभाग में जाना है।एनएसयूआई कार्यकर्ताओं ने कॉलेज परिसर की स्वच्छता और रखरखाव की स्थिति पर भी सवाल खड़े किए। उन्होंने कहा कि कॉलेज प्रांगण में जगह-जगह बड़ी-बड़ी घास उग आई है, जिससे परिसर अव्यवस्थित और असुरक्षित दिखता है। बरसात के मौसम में इस घास में सांप और जहरीले कीड़े निकलने का डर बना रहता है।कक्षाओं के हालात भी संतोषजनक नहीं हैं। छात्रों ने बताया कि कई क्लासरूम लंबे समय से ठीक से साफ नहीं किए गए हैं। पंखों और दीवारों पर धूल जमी हुई है, वहीं फर्श पर गंदगी साफ दिखाई देती है। सबसे बड़ी समस्या मच्छरों की भरमार है। छात्रों का कहना है कि पढ़ाई के दौरान मच्छरों के कारण ध्यान भटकता है और बीमारी फैलने का खतरा भी बना रहता है।एनएसयूआई कॉलेज अध्यक्ष बादल गिरासे ने कहा कि यह कॉलेज पूरे ज़िले का सबसे बड़ा स्नातकोत्तर महाविद्यालय है और यहाँ हजारों छात्र-छात्राएँ पढ़ते हैं। ऐसे में प्रशासन की ज़िम्मेदारी है कि छात्रों को साफ-सुथरा और व्यवस्थित वातावरण मिले। लेकिन हकीकत यह है कि छात्र रोज़ाना समस्याओं से जूझ रहे हैं।उन्होंने कहा कि हेल्प डेस्क का कोई मतलब नहीं रह जाता अगर छात्र वहाँ जाने के बाद भी परेशान रहें। एनएसयूआई जल्द ही इस विषय पर उच्च अधिकारियों को ज्ञापन सौंपेगी। यदि तुरंत सुधार नहीं किया गया तो कॉलेज प्रशासन के खिलाफ छात्रों के साथ आंदोलन छेड़ा जाएगा।साथ में मौजूद रहे कार्यकर्ताइस दौरान एनएसयूआई के सक्रिय कार्यकर्ता हरीश चौहान, संदीप पवार, अनिल बडोले, सागर सहित अन्य साथी मौजूद रहे। सभी कार्यकर्ताओं ने एक सुर में कहा कि छात्रों की समस्याओं की अनदेखी अब बर्दाश्त नहीं की जाएगी। संगठन हर स्तर पर संघर्ष करेगा और छात्र हित में आवाज़ उठाता रहेगा।कई छात्रों ने कार्यकर्ताओं के सामने खुलकर अपनी बातें रखीं। एक छात्र ने कहा कि “मैं गाँव से आया हूँ, प्रवेश लिया लेकिन यहाँ पहुँचने के बाद यह तक पता नहीं चल रहा कि कौन-सी कक्षा में जाना है। हेल्प डेस्क पर कोई ढंग से जानकारी देने वाला नहीं है।”वहीं, एक अन्य छात्रा ने बताया कि “क्लासरूम में पढ़ाई से ज्यादा ध्यान मच्छरों और गंदगी पर जाता है। इस तरह के माहौल में पढ़ाई करना मुश्किल हो जाता है।”एनएसयूआई ने प्रशासन को चेतावनी दी है कि यदि 15 दिनों के भीतर हेल्प डेस्क को सक्रिय नहीं किया गया, कॉलेज परिसर की घास नहीं हटाई गई और कक्षाओं की नियमित साफ-सफाई शुरू नहीं हुई, तो संगठन सड़क पर उतरकर विरोध करेगा।

हॉकी के जादूगर मेजर ध्यानचंद का मनाया जन्मदिन
राष्ट्रीय खेल दिवस पर बड़वानी में हुआ भव्य आयोजन
बड़वानी( नरेन्द्र गुप्ता)- कार्यालय खेल एवं युवा कल्याण विभाग बड़वानी द्वारा हॉकी के जादूगर मेजर ध्यानचंद जी के जन्मदिवस पर राष्ट्रीय खेल दिवस बड़े उत्साह और गरिमा के साथ मनाया गया। यह कार्यक्रम पीएम श्री कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस शहीद भीमा नायक शासकीय महाविद्यालय बड़वानी के हॉकी मैदान पर आयोजित हुआ।
सांसद गजेन्द्र सिंह पटेल एवं पुलिस अधीक्षक जगदीश डावर ने माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की। इसके उपरांत सांसद महोदय ने उपस्थित खिलाड़ियों एवं विद्यार्थियों को खेल भावना और स्वस्थ जीवन के लिए शपथ दिलाई।
इस अवसर पर सांसद महोदय ने बच्चों को खेलों के प्रति जागरूक किया और कहा कि खेल हमारे जीवन में अनुशासन, टीम भावना और ऊर्जा का संचार करते हैं। कार्यक्रम के अंत में 3 दिवसीय खेल प्रतियोगिताओं का शुभारंभ किया गया, जिसमें जिलेभर से खिलाड़ी भाग लेंगे।
पुलिस अधीक्षक श्री जगदीश डावर ने राष्ट्रीय खेल दिवस पर संबोधित करते हुए कहा
“आज हम सब यहां खेल दिवस मनाने के लिए एकत्र हुए हैं। यह दिन केवल खेल जगत के लिए ही नहीं, बल्कि हम सभी के जीवन में खेलों के महत्व को स्मरण कराने वाला है। मुझे यह देखकर गर्व हो रहा है कि हमारे जिले में लगभग 300 हॉकी खिलाड़ी सक्रिय रूप से खेल रहे हैं और प्रतिवर्ष राष्ट्रीय स्तर तक अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करते हैं। बच्चों को मैदान में पूरे उत्साह और कौशल के साथ खेलते देखना अपने आप में प्रेरणादायक है।
मैं सभी खिलाड़ियों से कहना चाहता हूँ कि जीवन में जो भी कार्य करें, पूरे मन और मेहनत से करें। खेल केवल जीतने का माध्यम नहीं है, बल्कि यह अनुशासन, टीम भावना, आत्मविश्वास और सकारात्मक सोच का मार्ग भी प्रशस्त करते हैं।

कार्यक्रम में सांसद लोकसभा क्षेत्र खरगोन-बड़वानी गजेंद्र सिंह पटेल, प्रभारी कलेक्टर व जिला पंचायत सीईओ काजल जावला, पुलिस अधीक्षक बड़वानी जगदीश डावर, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक धीरज बब्बर, पुलिस प्रशासन के अधिकारी गण, शिक्षक गण खेल अधिकारी कर्मचारी, विद्यार्थी गण,जनजाति कार्य विभाग के समस्त पीटीआई एवं खेल कल्याण विभाग के समस्त कर्मचारी उपस्थित रहे*

