Sat. Mar 7th, 2026

सोना, चांदी, भूमि, शेयर बाजार मे निवेश करे

तिरला विकासखंड में निवेशक जागरूकता कार्यक्रम का सफल आयोजन

तिरला (धार)। नीति आयोग के आकांक्षी विकासखंड कार्यक्रम के अंतर्गत तिरला विकासखंड में माइक्रोसेव कंसल्टिंग के सहयोग से भारतीय प्रतिभूति एवं विनिमय बोर्ड (SEBI) के SMART प्रशिक्षक द्वारा Smarts Investor Awareness Programme का आयोजन किया गया। इस महत्वपूर्ण कार्यशाला का उद्देश्य ग्रामीण समुदाय, स्वयं सहायता समूहों (SHG) एवं समुदाय-आधारित संगठनों को निवेश के सुरक्षित विकल्पों और वित्तीय साक्षरता से जोड़ना था।

इस कार्यशाला की अध्यक्षता श्री प्रमोद दुसाने जिला परियोजना प्रबंधक (DPM), NRLM ने की। कार्यक्रम में प्रमुख रूप से श्री प्रवीण सोलंकी जिला मिशन प्रबंधक (DM–MF), श्री राकेश सिंह तोमर ब्लॉक मैनेजर NRLM, सुश्री स्वाति जैन सहायक ब्लॉक मैनेजर (ABM) NRLM, श्री मो. आदिल राज्य वित्तीय समावेशन समन्वयक, माइक्रोसेव कंसल्टिंग के प्रतिनिधि तथा श्री देवोजीत पीपीआईए फेलो TRI उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के दौरान सेबी के SMART Trainer श्री आशीष जी ने प्रतिभागियों को पूंजी बाजार और निवेश के विभिन्न विकल्पों जैसे—सोना, चांदी, भूमि, शेयर बाजार तथा म्यूचुअल फंड आदि के बारे में विस्तृत जानकारी दी। साथ ही, निवेश करते समय सावधानी बरतने और स्मार्ट तरीके से अपने पैसों का प्रबंधन करने की दिशा में मार्गदर्शन प्रदान किया गया।

इसके अतिरिक्त केंद्र सरकार द्वारा चलाई जा रही प्रमुख वित्तीय और सामाजिक सुरक्षा योजनाओं जैसे—प्रधानमंत्री जन धन योजना, प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना, प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना, अटल पेंशन योजना, श्रमयोगी मानधन योजना एवं आयुष्मान भारत योजना के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। प्रतिभागियों को न केवल इन योजनाओं के लाभों से अवगत कराया गया बल्कि इन योजनाओं में क्लेम प्रक्रिया और उससे संबंधित आवश्यक दस्तावेजों की जानकारी भी प्रदान की गई।

कार्यक्रम के अंतिम चरण में डिजिटल लेनदेन से जुड़े खतरों, ऑनलाइन धोखाधड़ी और स्कैम से बचाव के उपायों पर भी चर्चा की गई। प्रशिक्षक ने बताया कि किस प्रकार साइबर अपराधी आमजन को अपने जाल में फंसाते हैं और इससे बचाव के लिए सतर्कता, OTP साझा न करना, केवल अधिकृत पोर्टल का उपयोग करना तथा संदिग्ध कॉल और संदेशों से बचना आवश्यक है।

इस कार्यशाला में तिरला विकासखंड की तीन संकुल स्तरीय संगठनों (CLF) के सदस्यों ने सक्रिय रूप से भाग लिया। महिलाओं और ग्रामीण समुदाय की बड़ी भागीदारी इस बात का संकेत है कि अब ग्रामीण क्षेत्र में भी लोग निवेश, बीमा और डिजिटल वित्तीय सेवाओं की ओर तेजी से जागरूक हो रहे हैं। कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए प्रतिभागियों ने SEBI, NRLM टीम तथा माइक्रोसेव कंसल्टिंग के प्रयासों की सराहना की और इस प्रकार के जागरूकता कार्यक्रमों को नियमित रूप से आयोजित किए जाने की मांग रखी।

कार्यक्रम के अंतर में तिरला विकासखंड को आकांक्षी विकासखड कार्यक्रम अंतगत दि.20.8.25 को श्रेष्ठ कार्य हेतु मान. मुख्यमंत्री महोदय के द्वारा स्वर्ण पदक प्राप्त होने पर विकासखंड समन्वयक व समस्त टीम को बधाई दी जाकर पुष्पहार से सभी का स्वागत किया गया।

Related Post