
बड़वानी मुख्य डाकघर की सराहनीय पहल — अब तक 700 से अधिक राखियों का समय पर वितरण
पोस्टमैनों ने निभाई जिम्मेदारी, भाइयों तक पहुंचा रहे स्नेह का बंधन
बड़वानी (नरेन्द्र गुप्ता)। रक्षाबंधन के पर्व को भावनात्मक रूप से और भी मजबूत बनाने की दिशा में बड़वानी मुख्य डाकघर ने एक उल्लेखनीय पहल की है। शहर के विभिन्न क्षेत्रों में कार्यरत पोस्टमैन प्रतिदिन औसतन 100 से 120 राखियों का वितरण कर रहे हैं।
मुख्य डाकघर के उपडाकपाल श्री राजेश सूर्यवंशी ने बताया कि अब तक 700 से अधिक राखियां सफलतापूर्वक समय पर अपने गंतव्य तक पहुंचाई जा चुकी हैं।
श्री सूर्यवंशी ने यह भी जानकारी दी कि राखियों की समयबद्ध डिलीवरी सुनिश्चित करने के लिए डाक विभाग ने विशेष प्रबंधन किया है। पोस्टमैनों को निर्देशित किया गया है कि वे सुबह समय से पहले डाक लेकर निकलें ताकि किसी भी बहन की राखी देर न हो।

वितरण कार्य में पोस्टमेन सियाराम रावत, विनोद भावसार, वीरेंद्र सोलंकी, कृष्णकांत आर्य एवं साहिल नागर पूरी जिम्मेदारी और सतर्कता के साथ कार्य कर रहे हैं, जिससे बहनों को यह विश्वास मिला है कि उनकी राखी समय पर उनके भाइयों तक पहुंच रही है।


