अवैध रूप से ले जाए जा रहे 07 गौवंश सहित बिना नंबर की बोलेरो पिकअप जप्त, आरोपी फरार

बड़वानी( नरेन्द्र गुप्ता)- गौवंश तस्करी के विरुद्ध पुलिस की बड़ी कार्रवाई करते हुए एक सफेद रंग की बिना नंबर बोलेरो पिकअप में क्रूरतापूर्वक भरकर ले जाए जा रहे 07 गोवंश को मुक्त कराया है। घटना में आरोपी चालक मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश जारी है।
पुलिस अधीक्षक जगदीश डावर के निर्देशन में जिले में गौवंश तस्करी पर पूर्ण रोकथाम हेतु सभी थाना प्रभारियों को सख्त निर्देश दिए गए हैं। इन्हीं निर्देशों के पालन में, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक धीरज सिंह बब्बर एवं एसडीओपी दिनेश सिंह चौहान के मार्गदर्शन में कोतवाली थाना प्रभारी निरीक्षक दिनेश सिंह कुशवाह द्वारा एक विशेष टीम गठित की गई।
पुलिस टीम को सूचना प्राप्त हुई कि गणपुर चौराहे की ओर से एक बोलेरो पिकअप वाहन आ रहा है, जिसमें अवैध रूप से गोवंश भरकर महाराष्ट्र वध हेतु ले जाया जा रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम रुक्मणी स्कूल बायपास रोड पर तत्काल रवाना हुई। कुछ समय बाद एक सफेद रंग की बिना नंबर पिकअप आती दिखी, जिसे रोकने का प्रयास किया गया। परंतु चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया।
वाहन की तलाशी में 07 गौवंश, बिना नंबर बोलेरो पिकअप और रस्सियों के टुकड़े बरामद किए गए। थाना कोतवाली बड़वानी में अपराध क्रमांक 535/2025 धारा 4, 6, 9 म.प्र. गौवंश वध प्रतिषेध अधिनियम एवं धारा 11(घ) पशु क्रूरता निवारण अधिनियम के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना प्रारंभ की गई है।
पुलिस अधीक्षक जगदीश डावर ने बताया कि गौवंश तस्करों के विरुद्ध जिलेभर में इस प्रकार की कार्यवाही लगातार जारी रहेगी एवं संदिग्ध गतिविधियों पर सतत निगरानी रखी जाएगी।
07 नग गौवंश – अनुमानित कीमत ₹46,000/-
एक महिंद्रा बोलेरो पिकअप (बिना नंबर) – ₹4,00,000/-
07 रस्सी के टुकड़े – ₹70/-कुल मशरुका: ₹4,46,070/- (चार लाख छियालिस हजार सत्तर रुपये)
पुलिस की इस कार्यवाही में निरीक्षक दिनेश सिंह कुशवाह, उप निरीक्षक जवर सिंह गोयल, उप निरीक्षक रविन कन्नौज, सउनि. दीपक ठाकुर, प्र.आर. रजनीश (410), प्र.आर. संदेश (407), प्र.आर. देवी सिंह (204), आर. दिनेश बेरवा एवं आर. आत्माराम खोडे का इस कार्यवाही में महत्वपूर्ण योगदान रहा।

