मौत की भविष्यवाणी करने वाला चमत्कारी कुआ

मौत से निडर व्यक्ति ही इसमें झांकने का करता है प्रयास
सिद्धेश्वरी मंदिर के पास है चंद्रकूप मौत का कुआं
आधुनिक युग में हैंडपंप, ट्यूबवेल और नलों ने पारंपरिक कुओं को लगभग इतिहास बना दिया है, लेकिन उत्तर प्रदेश के वाराणसी में एक ऐसा रहस्यमयी कुआं है, जिसकी पहचान केवल जल स्रोत के रूप में नहीं, बल्कि एक ‘मौत की भविष्यवाणी करने वाले कुएं’ के रूप में होती है। इस कुएं का नाम है चंद्रकूप, जो सिद्धेश्वरी मंदिर के पास स्थित है। इस रहस्यमयी स्थल से जुड़ी मान्यताएं और कथाएं न सिर्फ हैरान करती हैं, बल्कि रोमांच और भय का अनोखा मिश्रण भी पैदा करती हैं।
क्या है चंद्रकूप की खास बात ?
कहा जाता है कि जो व्यक्ति इस कुएं में झांकता है, उसे अपने जीवन की अवधि का संकेत मिल जाता है। मान्यता है कि यदि कुएं के जल में झांकने पर आपकी परछाई स्पष्ट रूप से दिखाई दे, तो समझिए कि आपकी मौत निकट नहीं है। लेकिन अगर परछाई न दिखे, तो यह संकेत माना जाता है कि आने वाले छह महीनों में व्यक्ति की मृत्यु हो सकती है। इस विश्वास के चलते केवल साहसी और मजबूत मन वाले ही इसमें झांकने का साहस करते हैं।
पौराणिक कथा और ऐतिहासिक मान्यता
हिंदू पुराणों के अनुसार, चंद्रकूप की स्थापना चंद्रदेव ने की थी। ऐसा माना जाता है कि चंद्रमा ने वर्षों तक भगवान शिव की तपस्या की और उनकी कृपा से इस कुएं को दिव्य शक्तियां प्राप्त हुई। इस प्राकर ‘चंद्रकूप’ नाम स्वयं ‘चंद्र’ (चंद्रमा) और ‘कूप’ (कुआं) से मिलकर बना है, जो इसकी दिव्यता और पौराणिक महत्व को जाहिर करता है।

रहस्य, आस्था और रोमांच का संगम चंद्रकूप
आज भी रहस्य, लोक-विश्वास और आस्था का जीवंत उदाहरण है। यह कुआं सिर्फ एक तीर्थ स्थल नहीं, बल्कि जीवन और मृत्यु के रहस्यों से जुड़ा हुआ ऐसा स्थान है, जो आगंतुकों को अजीब-सा रोमांच अनुभव कराता है। यदि आप कभी वाराणसी जाएं, तो इस अनोखे स्थल की यात्रा जरूर करें, लेकिन सावधानी और सम्मान के साथ, क्योंकि यह कुआं केवल जल नहीं, बल्कि एक चेतावनी भी समेटे हुए है।
